
डाटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन चढ़ा हत्थे; 15 हजार की मांगी थी घूस, 14 हजार लेते धराया
रायपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायपुर RTO कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वाहन ट्रांसफर की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले हजारों रुपये की मांग की थी।
ऐसे बुना गया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शोभा राम देवांगन रायपुर RTO कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। उसने एक फाइनेंस गाड़ी का नाम ट्रांसफर कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB रायपुर से कर दी, जिसके बाद विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया।
14 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ा गया
ACB की टीम ने पूरी योजना के तहत आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप प्लान किया। जैसे ही आरोपी क्लर्क शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 14 हजार रुपये ले रहा था, पहले से तैयार खड़ी ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर ही उसके हाथ धुलवाए गए, जो गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
ACB ने आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से RTO कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





