जाँजगीर -चाँपा

महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी के लिए चला अभियान, पोषण पखवाड़ा शुरू

कलेक्ट्रेट में आयोजित सत्र में VLE और अधिकारियों को दी गई प्रक्रिया की जानकारी, 30 जून तक ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 11 अप्रैल 2026। जिले में महतारी वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ई-केवाईसी प्रशिक्षण सह पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।

ई-केवाईसी प्रक्रिया को बनाया सरल
कार्यक्रम में च्वाइस सेंटर के वीएलई और परियोजना अधिकारियों को महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि फील्ड में आ रही समस्याओं का समाधान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया और चरणबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया स्पष्ट की गई।

समन्वय से होगा कार्य पूर्ण
बैठक में वीएलई और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया, ताकि हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य आसानी से पूरा हो सके। सभी संबंधितों को जून के अंतिम सप्ताह तक यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पोषण पखवाड़ा पर विशेष फोकस
इस अवसर पर 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित पोषण पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि जीवन के पहले 1000 दिन और छह वर्ष तक की उम्र में बच्चों के मस्तिष्क का सर्वाधिक विकास होता है, इसलिए इस अवधि में पोषण और देखभाल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जागरूकता से होगा व्यवहार परिवर्तन
कार्यक्रम के दौरान पोषण अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने और समुदाय स्तर पर व्यवहार परिवर्तन लाने के लिए विस्तृत जानकारी दी गई।

Related Articles

Back to top button