
नई दिल्ली/चेन्नई/कोलकाता। देश के दो बड़े राज्यों तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आज गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों की कुल 386 सीटों पर वोटिंग के साथ ही करोड़ों मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
बंगाल में 152 सीटों पर पहला चरण
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि करीब 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या भी बड़ी है, जिससे इस चुनाव में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
जिलों में फैला मतदान का दायरा
पहले चरण में उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र के कुल 16 जिलों की सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, मालदा, बीरभूम, पश्चिम व पूर्व मेदिनीपुर, बांकुड़ा समेत कई जिले शामिल हैं।
मतदाता सूची पर सियासी विवाद
चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। तृणमूल कांग्रेस ने नाम हटाने के आरोप लगाए, जबकि भाजपा ने इसे फर्जी मतदाताओं को हटाने की प्रक्रिया बताया। इस दौरान करीब 91 लाख नाम सूची से हटाए गए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव आयोग ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। 2,407 केंद्रीय बलों की कंपनियां, जिनमें लाखों जवान शामिल हैं, तैनात किए गए हैं। 7,384 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। साथ ही ब्रेल ईवीएम, रैंप और प्राथमिकता कतार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
तमिलनाडु में एक चरण में सभी सीटों पर मतदान
तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। यहां 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और करीब 5.73 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विजय की पार्टी पर टिकी नजरें
इस चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) पर भी सबकी नजरें हैं। कई सीटों पर पार्टी को मिल रहे समर्थन के चलते इसकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
मतदान के लिए विशेष बसों की व्यवस्था
मतदाताओं की सुविधा के लिए चेन्नई से हजारों विशेष बसें चलाई जा रही हैं। नियमित बसों के साथ 6,000 से अधिक अतिरिक्त बसें विभिन्न शहरों के लिए संचालित की गई हैं, ताकि लोग आसानी से अपने गृह क्षेत्र पहुंचकर मतदान कर सकें।
1000 करोड़ से अधिक की जब्ती
चुनाव आयोग ने सख्ती बरतते हुए अब तक 1,072 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य सामग्री जब्त की है। इसमें तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 599 करोड़ रुपये और पश्चिम बंगाल में 472 करोड़ रुपये की जब्ती शामिल है।




