जांजगीर-चांपा में ट्रैफिक सिग्नलों पर शेड की मांग तेज, विधायक व्यास कश्यप ने एसपी को लिखा पत्र, भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने की पहल

जांजगीर-चांपा। शहर में बढ़ती गर्मी के बीच ट्रैफिक सिग्नलों पर खड़े राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी को लेकर अब शेड निर्माण की मांग तेज हो गई है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 34 के विधायक व्यास कश्यप ने पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को पत्र लिखकर नगर के सभी प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों के पास छाया शेड निर्माण कराने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी के चलते लोगों को ट्रैफिक सिग्नलों पर लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। कई स्थानों पर सिग्नल बंद रहने या अधिक समय लगने के कारण समस्या और बढ़ जाती है।
विधायक ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख चौराहों पर शेड निर्माण कराने का आग्रह किया है, ताकि आमजन को गर्मी से राहत मिल सके और आवागमन के दौरान सुविधा बढ़े।
इस पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा।





