छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

विपक्ष भ्रामक आंकड़े पेश कर जनता को न करे गुमराह, किसानों का एक-एक दाना खरीदेगी साय सरकार: इंजी. रवि पांडेय


जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी के अंतिम चरणों के बीच अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर किए गए अनुविभागीय कार्यालय के घेराव और आंदोलन पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पांडेय ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता और किसानों को भ्रमित करने की कोशिश बताया है।


विपक्ष के आंकड़े तथ्यहीन: रवि पांडेय
इंजी. रवि पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस द्वारा यह प्रचारित करना कि “20 प्रतिशत किसानों ने धान नहीं बेचा है”, पूरी तरह से भ्रामक है। उन्होंने कहा कि सुशासन की विष्णुदेव साय सरकार अपने वादों पर शत-प्रतिशत खरी उतर रही है और आंकड़ों में पारदर्शिता इसका सबसे बड़ा प्रमाण है।


आंकड़ों की हकीकत
भाजपा प्रवक्ता ने जिले की धान खरीदी की वर्तमान स्थिति को स्पष्ट करते हुए तुलनात्मक आंकड़े पेश किए:
किसान पंजीकरण और विक्रय: वर्तमान विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 1,26,043 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 1,11,517 किसान (यानी 93 प्रतिशत) अपना धान बेच चुके हैं।

टोकन की स्थिति: जिले में अब तक 1,27,303 टोकन जारी किए गए थे, जिसके तहत 6,16,376 मीट्रिक टन धान की खरीदी होनी थी। इसमें से अब तक 6,05,318 मीट्रिक टन (लगभग 98 प्रतिशत) धान की खरीदी सफलतापूर्वक की जा चुकी है।


लंबित टोकन पर दिया आश्वासन
इंजी. पांडेय ने उन किसानों को भी आश्वस्त किया जिनके टोकन अभी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि “जिन किसानों के आवेदन आए हैं, उनका सहकारिता विभाग द्वारा सत्यापन कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अगले एक से दो दिनों के भीतर टोकन जारी कर दिए जाएंगे और सरकार हर पंजीकृत किसान का धान खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।”


“धरना-प्रदर्शन केवल राजनीति”
विधायक के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा किए गए घेराव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करना और गलत आंकड़े पेश करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। साय सरकार किसानों के हित में काम कर रही है और किसी भी किसान को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

Related Articles

Back to top button