Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का आज प्रदेशव्यापी आयोजन, 2300 से अधिक जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

पूरे छत्तीसगढ़ में गूंजेंगी शहनाइयां, सामाजिक समरसता और सामूहिक विवाह का बनेगा उत्सव

रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज 8 मई को प्रदेशभर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस राज्यव्यापी आयोजन को लेकर सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के 2300 से अधिक जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। इस आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़ों की सहभागिता सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विविधता की मिसाल बनेगी।

समानता और सम्मान का उत्सव: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और एकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कभी चिंता का विषय होता था, लेकिन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इस चिंता को विश्वास और गरिमा में बदलने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदनशील सरकार की पहुंच सुनिश्चित करती है।

पहले भी बन चुका है रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी 2026 को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह में कुल 6,412 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे थे। इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था।

उस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने 1,316 नवविवाहित जोड़ों को प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद दिया था, जबकि अन्य जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े थे।

35 हजार रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा विवाह से जुड़ी आवश्यक सामग्री और अन्य व्यवस्थाएं भी शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा सभी जिलों में आयोजन स्थल, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि सभी जोड़ों और उनके परिजनों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

Related Articles

Back to top button