अब समाधान में नहीं लग रहा इंतजार : सुशासन तिहार बन रहा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसेमंद मंच

सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत जर्वे च एवं नगर पालिका चांपा में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर
कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का निरीक्षण, योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील
शिविर में पात्र हितग्राहियों को आधार अभिलेख, पीएम आवास की चाबी, राशन कार्ड, रोजगार कार्ड और किसान किताब का वितरण
जांजगीर-चांपा, 15 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार के तहत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पालिका चांपा के वार्ड क्रमांक 20 स्थित छत्रपति शिवाजी खेल सभागृह (इंडोर हॉल) तथा जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्वे च के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए और उन्हें योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी, राशन कार्ड, मनरेगा रोजगार कार्ड, आधार अभिलेख, श्रम कार्ड, जाल, आयुष्मान कार्ड एवं किसान किताब का वितरण किया गया।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत सामग्री और चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शिविर में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर ईसीजी सहित मूलभूत उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
ग्राम पंचायत जर्वे च में आयोजित शिविर में कुल 903 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 856 मांग और 47 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवांगन, अमर सुल्तानिया, इंजी रवि पांडेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार से लोगों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही मंच पर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समस्याओं का समाधान करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे देश और प्रदेश लगातार विकास की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से भी शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

एक माह के भीतर होगा आवेदनों का निराकरण

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विभिन्न शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोगों से आवेदन करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त आवेदनों की लगातार समीक्षा की जा रही है और उनका निराकरण एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
मनरेगा के क्यूआर कोड और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण का केंद्र
सुशासन तिहार शिविर में मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार की पहल भी देखने को मिली। क्लस्टर की सभी ग्राम पंचायतों के क्यूआर कोड प्रदर्शित किए गए, जिन्हें मोबाइल से स्कैन कर लोगों ने पंचायतों में संचालित कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। लोगों ने इस पहल की सराहना की। वहीं शिविर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक फोटो भी खिंचवाई।

19 मई को यहां लगेंगे अगले शिविर
सुशासन तिहार के अंतर्गत 19 मई को नगर पंचायत शिवरीनारायण के सत्संग भवन एवं जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत बंसुला के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर पंचायत शिवरीनारायण शिविर में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के वार्ड शामिल होंगे। वहीं ग्राम पंचायत बंसुला शिविर में सोनाईडीह, गोविंदा, करनौद, नकटीडीह, चोरहादेवरी, तालदेवरी, बोरसी, गतवा, सिलादेही, देवरानी, बसंतपुर, देवरहा, बिर्रा, कपिस्दा, बंसुला, सेमरिया, बनडभरा और सोनादह सहित कुल 18 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।




