क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: पान दुकान में चोरी की नीयत से घुसे दो शातिर चोर रंगे हाथ गिरफ्तार, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोचा

दुकान के भीतर से आ रही थी खड़खड़ाहट की आवाज; प्रार्थी ने बाहर से लगा दी सिटकनी, पामगढ़ पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना पामगढ़ अंतर्गत ग्राम धाराशिव में एक पान ठेले में चोरी का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों की सजगता और पुलिस की मुस्तैदी से चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश यादव (33 वर्ष, निवासी भोजपुर चौक चांपा) और रवि यादव (21 वर्ष, निवासी खोखरा, जांजगीर) शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार राठौर निवासी धाराशिव ने 15 मई की रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद की और एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जांजगीर चले गए थे। रात करीब 11:15 बजे जब वे वापस लौटे और दुकान में सोने के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दुकान के सामने का कुंडा टूटा हुआ था और दरवाजा थोड़ा खुला था। दुकान के भीतर से कुछ आवाजें (खुड़बुड़ाहट) आ रही थीं। प्रार्थी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर से सिटकनी (कुंडी) लगा दी और शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया।

बिना नंबर की बाइक से आए थे आरोपी
जब ग्रामीणों की मौजूदगी में दुकान का दरवाजा खोला गया, तो अंदर छिपे दोनों आरोपी बाहर निकलकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ ने उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से चोरी करने की नीयत से आए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 203/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 62, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक केदार साहू, रामलाल मार्कंडेय और आरक्षक विजय पटेल सहित पामगढ़ थाने के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button