बद्रीनाथ की बर्फीली वादियों में 11 दिवसीय साधना में लीन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, तस्वीरें वायरल

बागेश्वर धाम सरकार की कठिन तपस्या ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा, सेना के जवानों से भी की मुलाकात
उत्तराखंड। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों बद्रीनाथ धाम की बर्फीली वादियों में 11 दिवसीय अखंड साधना में लीन हैं। कड़ाके की ठंड और ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में चल रही उनकी तपस्या को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्सुकता देखी जा रही है।बद्रीनाथ धाम से उनकी कुछ दुर्लभ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में बागेश्वर धाम सरकार एकांत साधना और ध्यान में लीन नजर आ रहे हैं।
भगवान बद्रीविशाल की आराधना में लीन

बताया जा रहा है कि यह साधना भगवान बद्रीविशाल की आराधना और आध्यात्मिक एकाग्रता के उद्देश्य से की जा रही है। हिमालय की शांत वादियों में चल रही इस साधना को सनातन परंपरा से जुड़ी विशेष तपस्या माना जा रहा है। धाम से जुड़े लोगों का कहना है कि ऐसी साधनाएं केवल व्यक्तिगत साधना नहीं बल्कि जनकल्याण और मानव उत्थान की भावना से भी प्रेरित होती हैं।
सेना के जवानों से किया संवाद

साधना के दौरान एक भावुक दृश्य भी सामने आया, जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भारतीय सेना के जवानों से मिले। उन्होंने जवानों का हालचाल जाना और देश सेवा के लिए उनके साहस और समर्पण की सराहना की। इस दौरान जवानों के साथ उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
श्रद्धालुओं में बढ़ी उत्सुकता
आमतौर पर बड़ी संख्या में भक्तों के बीच रहने वाले बागेश्वर धाम सरकार का यह शांत और एकांत स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए नया अनुभव माना जा रहा है। बर्फबारी और कठिन मौसम के बीच जारी उनकी साधना को लेकर भक्तों में श्रद्धा और उत्साह बढ़ गया है।
स्थानीय प्रशासन और धाम प्रबंधन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जा रही है।




