जाँजगीर -चाँपा

नशा मुक्ति का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे रासेयो स्वयंसेवक, निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा

रासेयो इकाई सुखरीकला के स्वयंसेवकों ने व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर में निभाई सक्रिय भागीदारी

जांजगीर चांपा। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई सुखरीकला के स्वयंसेवकों ने विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित छह दिवसीय आवासीय “व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर” में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर का आयोजन 16 मई से 21 मई तक किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, योग एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम अधिकारी आर.के. राठौर के मार्गदर्शन एवं संस्था प्रमुख प्राचार्य बी.एल. चौधरी के संरक्षण में स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति जनजागरण रैली और प्रतीकात्मक शव यात्रा का आयोजन किया। रैली गायत्री शक्ति पीठ कोरबा से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौक, बुधवारी बाजार और टीपी नगर होते हुए वापस गायत्री शक्ति पीठ पहुंची।

नशा मुक्ति का दिया संदेश

रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। प्रतीकात्मक शव यात्रा में स्वयंसेवक आर्यन टंडन, विकेश मन्नेवार, पियुष बैरागी और रघुवीर कंवर ने प्रतीकात्मक शव को कंधा देकर जागरूकता संदेश दिया। इस दौरान कई स्थानों पर नशे का पुतला दहन कर “नशा का नाश” करने का आह्वान किया गया।

योग, अनुशासन और संस्कारों पर दिया गया जोर

शिविर में स्वयंसेवकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, विनम्रता, सदाचार, पर्यावरण संरक्षण, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता, योग-प्राणायाम एवं निरंतर परिश्रम जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिदिन योग, व्यायाम, खेलकूद एवं संस्कार निर्माण पर गोष्ठियां आयोजित की गईं।

लगभग 200 युवाओं ने लिया हिस्सा

जिले के पांचों विकासखंडों से लगभग 200 युवा एवं स्वयंसेवकों ने शिविर में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। शिविर में युवा प्रकोष्ठ संयोजक रमाकांत साहू, सहसंयोजक टेकराम यादव, डॉ. कुंती साहू, शांता साहू, नंदकुमार पटेल, चेमनलाल साहू, पुरुषोत्तम पटेल, आर.के. राठौर, राजकुमार देवांगन, श्रीमती कल्याणी सिंह, मुकेश कुमार, विजेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोगों का सहयोग रहा। वहीं 93 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक तीरथ सिंह कंवर की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। शिविर में सुखरीकला के 95 स्वयंसेवकों एवं 105 छात्राओं की सहभागिता रही।

कल होगा शिविर का समापन

आवासीय शिविर का समापन 21 मई को सुबह 11 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा टीपी उपाध्याय एवं वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button