सरगुजा-बलरामपुर में दर्दनाक सड़क हादसे, दो घटनाओं में 6 लोगों की मौत

ट्रैक्टर और कार की टक्कर में गई जान, हादसों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
सरगुजा/बलरामपुर। सरगुजा और बलरामपुर जिले में रविवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा बलरामपुर जिले के सनावल रोड पर पीपरपान गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, डिंडो बाजार से लौट रहे चार युवक ईंट से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में रमेश पंडो (19), मनोज पंडो (21), नरेश पंडो (19) और राकेश पंडो (17) की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद युवक करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। आरोप है कि हादसे के बाद चालक घायलों को छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन अलग कर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव को हिरासत में ले लिया है।
कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत
दूसरा हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर जजगा गांव के पास हुआ। मेहमान से लौट रहे बाइक सवार जय सिंह (50) और रामकुमार (60) को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों हादसों में मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




