जाँजगीर -चाँपाहादसा

चांपा: पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में लगी आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप

अनुपम प्लाजा स्थित मल्टीप्लेक्स में सुबह हुई घटना, अस्पताल में भी मची अफरा-तफरी; दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

जांजगीर चांपा। नगर के मध्य स्थित अनुपम प्लाजा में संचालित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद परिसर से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच मल्टीप्लेक्स परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरे क्षेत्र में फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

अस्पताल में भी मची अफरा-तफरी

मल्टीप्लेक्स के समीप स्थित नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल सेंटर में भी आग की सूचना के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों ने एहतियातन बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों का रुख किया। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर और मुख्य सड़क पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। वहीं प्रकाश इंडस्ट्रीज की दमकल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई की।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

नुकसान का आकलन जारी

आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना रहा।

प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button