कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, किसान बनकर पहुंचे उप संचालक कृषि, 1446 बोरी खाद जब्त

निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचने की शिकायत सही मिलने पर कृषि विभाग ने गोदाम सीलबंद कर 1446 बोरी रासायनिक खाद जब्त की।

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उप संचालक कृषि राकेश शर्मा स्वयं किसान बनकर उर्वरक विक्रेता के यहां पहुंचे और शिकायत की जांच की।निरीक्षण के दौरान मेसर्स नानकचंद नंदकिशोर कृषि केंद्र के संचालक ने उप संचालक कृषि को किसान समझकर 266.50 रुपये मूल्य की यूरिया की बोरी 850 रुपये में बेच दी। शिकायत सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

1446 बोरी खाद जब्त, गोदाम सीलबंद

उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने जांच में भंडारण और वितरण में अनियमितता पाई। उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत 1141 बोरी यूरिया, 252 बोरी एसएसपी, 33 बोरी डीएपी और 20 बोरी एमओपी सहित कुल 1446 बोरी उर्वरक जब्त कर गोदाम सीलबंद कर दिया गया।

खरीफ सीजन में जारी रहेगी सख्ती

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। अनियमितता पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अधिकृत सोसायटियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने तथा पक्का बिल लेने की अपील की है। अधिक मूल्य वसूले जाने की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button