Chhattisgarhएंटरटेन्मेंट

26/11 के अनसुने नायकों को सलाम: रायपुर में हुई ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग, मुख्यमंत्री साय और कंगना रनौत रहे मौजूद

26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की कहानी पर आधारित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग रायपुर में आयोजित, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सराहना।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में सोमवार को फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, फिल्म निर्देशक मनोज तापड़िया, जनप्रतिनिधि, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

26/11 के अनसुने नायकों की कहानी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह फिल्म उन स्वास्थ्यकर्मियों, नर्सों और डॉक्टरों को समर्पित है, जिन्होंने 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की सेवा की और सैकड़ों लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसे लोग होते हैं, जिनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे हकदार होते हैं। यह फिल्म ऐसे ही अनसुने नायकों की कहानी को देश के सामने लाने का प्रयास है।

छत्तीसगढ़ में स्क्रीनिंग पर जताई खुशी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि फिल्म की स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की गई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल की धरती बताते हुए कंगना रनौत का स्वागत किया।उन्होंने फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया को बधाई देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े हैं और उन्होंने एक महत्वपूर्ण विषय को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया है।

‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रधानमंत्री मोदी ने दिया

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह भी विशेष बात है कि फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और स्वास्थ्यकर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

कंगना रनौत ने जताया आभार

अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की स्क्रीनिंग उनके गृहप्रदेश में हो। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम में शामिल होने से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है।

भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मियों को ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ सम्मान से सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, फिल्म कलाकार और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button