इंस्टाग्राम पर निजी वीडियो साझा करने वाला आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार, चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

महिला की जानकारी के बिना निजी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर भेजने के आरोप में युवक गिरफ्तार, मोबाइल फोन भी जब्त।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
चांपा थाना क्षेत्र में एक महिला के निजी वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान आरोपी संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा से हुई थी। दोनों के बीच परिचय और मित्रता के दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए थे।
विवाद के बाद किया वीडियो साझा
समय के साथ दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला के निजी वीडियो को इंस्टाग्राम के माध्यम से साझा कर दिया। शिकायत मिलने पर थाना चांपा में तत्काल अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
मोबाइल फोन जब्त, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
मामले के त्वरित निराकरण में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय तथा थाना चांपा के अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




