श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनीं महक नरवासे, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

राजनांदगांव की युवा क्रिकेटर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें सम्मानित करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। रायपुर में आयोजित सौजन्य मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने महक नरवासे को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महक नरवासे की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाएंगी प्रदेश का मान
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने महक को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सफलता हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में चयन प्रदेश में विकसित हो रहे खेल माहौल और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
महक ने जताया आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद महक नरवासे ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




