मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा को दी 295 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, सड़क, पेयजल, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा।
विकास कार्यों से बदलेगी जिले की तस्वीर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह दिन जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक है और इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को बेहतर सड़क, पेयजल, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विभिन्न विभागों के कार्य शामिल

लोकार्पित 159 कार्यों में जल संसाधन, वन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्य शामिल हैं। वहीं भूमिपूजन किए गए 182 कार्यों में जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं।
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला पाटले, पूर्व सांसद गुहाराम अजगले, पूर्व विधायक रामखिलावन साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, अध्यक्ष जनपद पंचायत नवागढ़ श्रीमती कांता कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना देवांगन, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, इंजी. रवि पांडेय, विकास शर्मा, सरपंच श्रीमती सरोजनी आशिकर, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, डीएफओ हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल कुमार रावटे सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।




