सड़क हादसों पर लगाम लगाने जांजगीर पुलिस की पहल, हाईवे किनारे ढाबा संचालकों को दिए सुरक्षा निर्देश

ट्रक-ट्रेलर सड़क किनारे खड़े नहीं करने, CCTV, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने की अपील
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा हाईवे किनारे संचालित ढाबा संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
ढाबा संचालकों से किया सीधा संवाद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान ढाबा संचालकों से चर्चा कर सड़क सुरक्षा में उनकी भूमिका को लेकर जागरूक किया गया।
सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बढ़ता है खतरा
यातायात अधिकारियों ने बताया कि कई बार ट्रक, ट्रेलर और अन्य बड़े मालवाहक वाहन चालक विश्राम के लिए सड़क किनारे या ढाबों के सामने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ढाबा संचालकों से कहा गया कि वे ऐसे वाहनों को मुख्य सड़क के किनारे खड़ा न होने दें और सुरक्षित पार्किंग स्थल की ओर भेजें।
सीसीटीवी लगाने की सलाह

पुलिस ने ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। रात के समय हाईमास्ट लाइट या पर्याप्त प्रकाश होने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई देती है और दुर्घटना की संभावना कम होती है। साथ ही ढाबों के आसपास सड़क को कवर करते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई।
पार्किंग व्यवस्था के लिए गार्ड रखने पर जोर
यातायात पुलिस ने ढाबा संचालकों को पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग से गार्ड रखने की समझाइश दी, ताकि बड़े वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से हो सके और यातायात प्रभावित न हो।
सुरक्षित सड़क, सुरक्षित सफर अभियान
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य हाईवे क्षेत्रों में भी इसी तरह का जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।





