किसानों को राहत: अब एकमुश्त मिलेगा यूरिया, किस्तों में वितरण की व्यवस्था समाप्त

खरीफ 2026 के लिए बदले नियम, पिछले वर्ष के बराबर मात्रा में यूरिया प्राप्त कर सकेंगे किसान
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
खरीफ मौसम 2026 में जिले के किसानों को यूरिया वितरण को लेकर बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को पूर्व वर्ष 2025 की तरह ही एकमुश्त यूरिया प्राप्त हो सकेगा। शासन द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के तहत यूरिया वितरण में लागू 80 प्रतिशत सीमा को समाप्त कर दिया गया है। उप संचालक कृषि जांजगीर-चांपा राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 में किसान भाइयों को खरीफ 2025 में प्राप्त यूरिया की मात्रा के बराबर यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को खेती के लिए आवश्यक उर्वरक समय पर प्राप्त करने में सुविधा होगी।
किस्तों की व्यवस्था हुई समाप्त
शासन के नए निर्देशों के अनुसार अब यूरिया वितरण के लिए निर्धारित 80 प्रतिशत की सीमा को विलोपित कर दिया गया है। इसके चलते किसान अपनी पात्रता के अनुसार एकमुश्त यूरिया का उठाव कर सकेंगे।
उपलब्धता के अनुसार मिलेगा उर्वरक
कृषि विभाग के अनुसार यूरिया का वितरण संबंधित सहकारी समितियों में उपलब्ध स्टॉक के आधार पर किया जाएगा। यदि किसी समिति में यूरिया की उपलब्धता कम रहती है, तो पात्र किसानों को शेष मात्रा बाद में स्टॉक उपलब्ध होने पर प्रदान की जाएगी।

किसानों को मिलेगी बड़ी सुविधा
नई व्यवस्था से किसानों को बार-बार समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और खेती के महत्वपूर्ण समय में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। कृषि विभाग ने किसानों से आवश्यकतानुसार समय पर यूरिया प्राप्त करने की अपील की है।





