सोठी आश्रम पहुंचे CM विष्णुदेव साय, सेवा कार्यों की सराहना कर नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री साय ने कहा- भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है, सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
CM विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया। उन्होंने आश्रम में संचालित सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास कार्यों का अवलोकन किया तथा आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
CM ने सेवा कार्यों की सराहना की
CM विष्णुदेव साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां वर्षों से जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा की जा रही है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है।

मंदिर में पूजा-अर्चना कर की प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना
दौरे के दौरान CM ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्व. सदाशिव गोविंद कात्रे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवा कार्यों को नमन किया।

अस्पताल और कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का किया निरीक्षण
CM ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण कर OPD, पैथोलॉजी लैब, X-Ray कक्ष, ICU और Operation Theatre सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क Cancer Screening Initiative वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, आश्रम प्रमुख सुधीर देव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आश्रमवासी और ग्रामीण उपस्थित रहे।





