छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

धान विक्रय टोकन न कटने से भड़का किसान आक्रोश, सरखों धान खरीदी केंद्र में जड़ा ताला

कलेक्टर व एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम सरखों में धान विक्रय टोकन नहीं कटने की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। नाराज किसानों ने विरोध स्वरूप सरखों स्थित धान खरीदी केंद्र में ताला जड़ दिया तथा प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने इस संबंध में कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि वे प्रतिवर्ष अपनी धान फसल का विक्रय करते आ रहे हैं, लेकिन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय का पंजीयन एवं भौतिक सत्यापन पूर्ण होने के बावजूद अब तक धान विक्रय टोकन नहीं काटा गया है। इसके चलते किसानों का धान कोठारों में पड़ा हुआ है और खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो पा रही है।
धान विक्रय नहीं होने से किसानों को केसीसी ऋण चुकाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खाद, बीज, दवा, ट्रैक्टर एवं हार्वेस्टर जैसे कृषि कार्यों के लिए लिए गए ऋण का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि आर्थिक संकट के कारण उनके परिवारों के समक्ष जीवन यापन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
किसानों ने ज्ञापन में प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र धान विक्रय हेतु टोकन काटकर खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान किसानों ने अपने ज्ञापन के साथ धान के भौतिक सत्यापन से संबंधित दस्तावेज़ भी प्रशासन को सौंपे।

Related Articles

Back to top button