जांजगीर-चांपा: NH पर लापरवाही से खड़े 15 ट्रेलरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चालक गिरफ्तार

तीन दिवसीय विशेष अभियान में बिना संकेतक और रिफ्लेक्टर के खड़े मिले भारी वाहनों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाहीपूर्वक भारी वाहन खड़े कर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाने वाले चालकों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर तीन दिवसीय अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना वैध कारण, संकेतक और रिफ्लेक्टर के खड़े मिले 15 ट्रेलर वाहनों को जब्त किया गया। संबंधित चालकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
सड़क सुरक्षा को लेकर चला विशेष अभियान
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में अकलतरा, जांजगीर और चांपा थाना क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई भारी वाहन सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खड़े पाए गए।
रात में हादसों का बढ़ रहा था खतरा
जांच में सामने आया कि कई ट्रेलर बिना पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर या अन्य चेतावनी संकेतों के खड़े थे। पुलिस के अनुसार ऐसी लापरवाही विशेषकर रात्रि के समय गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसी आधार पर वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 285 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और मुख्य सड़कों पर बिना वैध कारण वाहन खड़ा न करें। यदि किसी कारणवश वाहन रोकना पड़े तो पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर और वार्निंग ट्रायंगल का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




