जांजगीर: मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने किया निरीक्षण

ग्राम कुटरा स्थित मेडिकल कॉलेज भवन का किया निरीक्षण, कहा- जिले को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा जांजगीर-चांपा जिले में 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज को अनुमति दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम कुटरा स्थित मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों को बधाई देते हुए इसे जांजगीर-चांपा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जताई उम्मीद
अम्बेश जांगड़े ने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों को नई दिशा मिलेगी।
सरकार की प्रतिबद्धता का बताया परिणाम
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी सोच तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। अम्बेश जांगड़े ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के समन्वित प्रयासों से जिले का लंबे समय से प्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का सपना साकार हुआ है। उनके अनुसार, मेडिकल कॉलेज शुरू होने से गंभीर उपचार के लिए लोगों की अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी और जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
भाजपा पदाधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी, एल्डरमैन रितेश राठौर, पुष्पेंद्र निर्मलकर, विक्की सिंह, उमेश राठौर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सोनू यादव, प्रदीप राठौर, राजू कश्यप सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




