जांजगीर-चांपा: अमृत भारत स्टेशन बना चांपा, आज प्रधानमंत्री करेंगे चांपा स्टेशन का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। छत्तीसगढ़ के तीन स्टेशनों में चांपा भी शामिल है।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 जुलाई) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें बिलासपुर मंडल का चांपा रेलवे स्टेशन भी शामिल है, जिसे आधुनिक यात्री सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ विकसित किया गया है। छत्तीसगढ़ से इस चरण में तीन रेलवे स्टेशनों को नई पहचान मिली है। इनमें बिलासपुर मंडल का चांपा स्टेशन तथा रायपुर मंडल के सरोना और बालोद स्टेशन शामिल हैं।
करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बदला स्टेशन का स्वरूप
जांजगीर-चांपा जिले के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र चांपा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। स्टेशन परिसर का व्यापक आधुनिकीकरण करते हुए यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी गई है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पुनर्विकास के तहत स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, चौड़ी सड़कें, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, आधुनिक बुकिंग काउंटर, द्वितीय एवं उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालय, लिफ्ट, टैक्टाइल टाइल्स, अत्याधुनिक ट्रेन एवं कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, डिजाइनर साइनेज, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट तथा स्टेनलेस स्टील बैठने की व्यवस्था विकसित की गई है।
स्थानीय संस्कृति की झलक भी मिलेगी
चांपा स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय कला, संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है। आकर्षक लाइटिंग और सांस्कृतिक डिज़ाइन के माध्यम से स्टेशन को आधुनिक होने के साथ-साथ स्थानीय विरासत से भी जोड़ा गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
चांपा रेलवे स्टेशन में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इन्हें स्थानीय पहचान, आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर यात्री अनुभव के साथ विकसित किया जा रहा है। चांपा रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप भी इसी सोच को साकार करता है।




