अकलतरा: पुलिस की सक्रियता से 10 भैंस चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से मिला सुराग

10 भैंस चोरी के मामले में अकलतरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तस्दीक और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
अकलतरा थाना क्षेत्र में 10 भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तस्दीक और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार नंदा यादव ने 12 जुलाई 2026 को थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने 8 जुलाई को अपनी 10 भैंसों को जंगल में चरने के लिए छोड़ा था, लेकिन वे वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी भैंसों का पता नहीं चलने पर चोरी की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वायरल वीडियो बना अहम सुराग
जांच के दौरान शिकायतकर्ता को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला। पुलिस के अनुसार वीडियो की तस्दीक और तकनीकी जांच के बाद उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान सोमू भारद्वाज, निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सोमू भारद्वाज ने अपने साथी सनी उर्फ सचिन यादव के साथ मिलकर भैंसों को बेचने की योजना बनाने और बिक्री के लिए वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने सनी उर्फ सचिन यादव (18), निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक 3, अकलतरा तथा सोमू भारद्वाज (22), निवासी बम्हनीन, अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिव्या कुर्रे, रमन पाटले, अंजनी कश्यप, महेंद्र राज एवं शेष साहू सहित अकलतरा थाना पुलिस की टीम शामिल रही।




