रायपुर: AIIMS में अब बिना पर्ची होगी लैब जांच, OPD मरीजों के लिए शुरू हुई पेपरलेस व्यवस्था

OPD में डॉक्टर की ऑनलाइन टेस्ट रिक्वेस्ट अब सीधे लैब तक पहुंचेगी। नई व्यवस्था से मरीजों को अलग से जांच पर्ची लेकर लैब जाने की जरूरत नहीं होगी।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने OPD मरीजों के लिए लैब जांच प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब डॉक्टर द्वारा ऑनलाइन दर्ज की गई टेस्ट रिक्वेस्ट सीधे लैब सिस्टम तक पहुंचेगी और मरीजों को अलग से जांच पर्ची लेकर लैब जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
ऐसे काम करेगी नई व्यवस्था
नई व्यवस्था के तहत डॉक्टर सिस्टम में ऑनलाइन टेस्ट रिक्वेस्ट दर्ज करेंगे, जो तुरंत लैब सिस्टम में दिखाई देगी। इसके बाद मरीज सीधे फ्लेबोटोमी जोन पहुंचेंगे, जहां उनका पंजीकरण कर बारकोड जनरेट किया जाएगा। इसी बारकोड के आधार पर ब्लड सहित अन्य जांचों के लिए सैंपल लिया जाएगा।
मरीजों को मिलेंगी कई सुविधाएं
नई व्यवस्था से मरीजों को प्रिंटेड पर्ची की आवश्यकता नहीं होगी और पर्ची खोने या खराब होने की परेशानी भी समाप्त हो जाएगी। सैंपल कलेक्शन की प्रक्रिया अधिक सरल और व्यवस्थित होगी, जिससे जांच पहले की तुलना में तेजी से हो सकेगी। डिजिटल रिकॉर्ड अधिक सुरक्षित रहेंगे और कागज की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
AIIMS रायपुर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. डॉ. डी.के. त्रिपाठी ने बताया कि पेपरलेस लैब व्यवस्था से प्रतिदिन आने वाले हजारों मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी और अस्पताल की कार्यप्रणाली भी अधिक सुगम एवं प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि OPD में जिन मरीजों को लैब जांच की आवश्यकता होगी, वे अब बिना प्रिंटेड पर्ची के सीधे सैंपल कलेक्शन सेंटर पहुंचकर जांच की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।




