Chhattisgarh

अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा भाव से दायित्व निभाने की बात कही।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा का जो अवसर मिला है, उसका उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

सेवा भावना से निभाएं जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पद केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा का अवसर भी है। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

ये अभ्यर्थी रहे उपस्थित

सौजन्य भेंट के दौरान सुश्री सुष्मिता सिंह, सुश्री वैभवी अग्रवाल, सुश्री दर्शना सिंह बघेल,  रौनक अग्रवाल,  अजय गुप्ता,  अंकित सकनी,  डायमंड ध्रुव एवं  संजय डहरिया सहित उनके परिजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button