
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में इस मानसून 10,30,102 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित। परसाही नाला में 400 से अधिक पौधों के रोपण के साथ अभियान की शुरुआत हुई।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जलवायु संतुलन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस मानसून 10 लाख 30 हजार 102 पौधों के वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत हो गई है। बुधवार को अकलतरा विकासखंड के परसाही नाला में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव के दौरान 400 से अधिक मिश्रित प्रजातियों के पौधों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बबीता रात्रे, जिला पंचायत सदस्य महादेव नेताम, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम अकलतरा सुमीत बघेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न योजनाओं के माध्यम से होगा पौधरोपण
अभियान के तहत विभागीय पथ वृक्षारोपण योजना, ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम, कैम्पा, किसान वृक्ष मित्र योजना, हरियाली प्रसार योजना, वन महोत्सव तथा विकसित भारत-जी राम जी अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिलेभर में पौधरोपण किया जाएगा। इसके तहत कुल 10,30,102 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पौधरोपण के साथ संरक्षण पर भी रहेगा जोर
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके विकसित होने तक नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य सफल हो सके।
अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील
वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जैव विविधता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।





