क्राइमजाँजगीर -चाँपा

अब गांव की सुरक्षा संभालेंगी 56 महिला कमांडो, SP ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

सजग नागरिक, सख्त प्रहरी” अभियान के तहत ग्राम गोधना में 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने महिलाओं से अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना में पुलिस के “सजग नागरिक, सख्त प्रहरी” अभियान के तहत 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, टीम का उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी से गांव में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना और अपराधों की रोकथाम में जनसहयोग बढ़ाना है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

अवैध गतिविधियों पर रखेंगी नजर

पुलिस के अनुसार, महिला कमांडो टीम की सदस्य क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, नशे के कारोबार तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। एसपी ने महिलाओं से ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

रैली निकालकर किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान गांव में जागरूकता रैली भी निकाली गई। नवगठित महिला कमांडो टीम के सदस्यों को टोपी और सीटी वितरित की गई। साथ ही ग्रामीणों को कानून के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने का संदेश दिया गया।

सुरक्षित और अपराधमुक्त गांव बनाने पर जोर

पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में सक्रिय भागीदार बनाना, पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहयोग बढ़ाना तथा गांवों में सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त वातावरण तैयार करना है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

10026535258191105529435331500

Related Articles

Back to top button