छत्तीसगढ़हादसा

कुलगाम में कायराना आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, CM और नेता प्रतिपक्ष ने जताया दुख

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो निर्दोष श्रमिकों की मौत हो गई। बिलासपुर निवासी दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना कुलगाम के केलम इलाके में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे थे, जिन्हें अज्ञात आतंकियों ने निशाना बनाया। इस दर्दनाक घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

अंधाधुंध फायरिंग में दोनों की मौत

जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने अचानक श्रमिकों पर गोलियां चला दीं। हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (TRF) ने ली है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

CM और डॉ महंत ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय बनाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने एडीजी इंटेलिजेंस से स्थिति की जानकारी ली और हमले की निंदा करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Back to top button