क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ की सड़क पर शराबी चालक का उत्पात: PWD बैरियर तोड़कर कई गाड़ियों को मारी टक्कर, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

राहगीरों, मवेशियों और खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर; बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत हुई कड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चलाते हुए एक स्वराज माजदा चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। नशे में बेकाबू चालक ने PWD बैरियर तोड़ते हुए करीब 2 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाया और रास्ते में खड़े मवेशियों, गाड़ियों और राहगीरों को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना का विवरण

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे आरोपी चालक मनोज कुमार पटेल (उम्र 50 वर्ष), निवासी अंबेडकर चौक सुपेला (थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग) वाहन क्रमांक CG 07 BN 3365 स्वराज माजदा को अत्यधिक शराब के नशे में ग्राम ससहा की ओर से चलाते हुए आ रहा था। ग्राम केशला मोड़ के पास लगे PWD बैरियर को तोड़ते हुए आरोपी बैरियर फंसी हालत में ही करीब 2 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाता रहा।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

इस दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कई मवेशियों, अंबेडकर चौक पर खड़ी गाड़ियों और आम नागरिकों को टक्कर मार दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

थाना पामगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए), 324(4), छत्तीसगढ़ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

img com 2026081018511127117533897348475839496

Related Articles

Back to top button