ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम: सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही छटा, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित


ध्वजारोहण और अनुशासित मार्च पास्ट से हुआ आगाज
जांजगीर चाम्पा। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल (बनारी) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और सामूहिक राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के गायन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के कैबिनेट छात्र-छात्राओं ने खेल शिक्षकों के मार्गदर्शन में अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर भारत माता और अमर स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हुआ परिसर
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कई मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय के क्वायर ग्रुप ने ‘वन्दे मातरम्’ और ‘तुम्हें वतन पुकारता’ गीत प्रस्तुत किए, वहीं रिमझिम केवट, श्रेयम राठौर और प्रसन्न मोदी ने एकल देशभक्ति गीतों से सभी को भावविभोर कर दिया। प्राथमिक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने ‘माँ तुझे सलाम’ सहित विभिन्न गीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए और बैंड ग्रुप ने सुमधुर धुनें बजाईं। विद्यार्थियों द्वारा मंचित प्रेरणादायक नाटक ‘मशाल: अतीत से भविष्य तक’ ने देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी भाषणों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
संस्कार, अनुशासन और नवाचार पर जोर
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। चेयरमैन आलोक अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय श्रेष्ठ नागरिक निर्माण की आधारशिला है। डायरेक्टर डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल ने नवाचार और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करते हुए प्रशासनिक पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की, जिसके अंतर्गत श्रीमती भिष्मिता साहू को सीनियर उप-प्राचार्या, श्रीमती नीलम सिंह को प्रभारी उप-प्राचार्या और श्रीमती प्राची पाठक को एडमिनिस्ट्रेटर का प्रभार सौंपा गया।
प्रतिभाशाली छात्रों और टॉपर्स का सम्मान
कार्यक्रम के विशेष सत्र में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप स्कॉलर्स यश साहू, आर्यन सोनी, श्रेया कंवर, त्रिशिका बजाज, मेहुल राठौर, अपूर्व साहू, महिमा साहू, कृष्णा सिंह राजपूत, सौम्या तिवारी और मानसी खुंटे को स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र के ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ चुने गए छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक समापन आभार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ राज्य गीत के सामूहिक गायन और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।





