जाँजगीर -चाँपा

सीएम हेल्पलाइन में केवल कागजी निराकरण न हो, अधिकारी खुद हितग्राहियों से लें फीडबैक: टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश

खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत, जर्जर भवनों में कक्षा संचालन पर रोक और छात्रावासों में 24 घंटे अधीक्षकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के आदेश।

जांजगीर-चांपा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक में कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने जनसमस्याओं के निवारण और विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए कड़ा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) में दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक या कागजी निराकरण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान के बाद संबंधित अधिकारी स्वयं हितग्राही से संपर्क कर फीडबैक लें और पॉजिटिव फीडबैक बढ़ाने पर विशेष फोकस करें। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बारिश में क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत हो मरम्मत

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के चलते खराब या क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराई जाए ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने परिवहन विभाग को पक्की सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले और नियम विरुद्ध चलने वाले केज व्हील लगे ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त जब्ती व जुर्माने की कार्रवाई करने के आदेश दिए।

जर्जर स्कूलों में कक्षाएं बंद, छात्रावासों में इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था

विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर स्कूल या आंगनबाड़ी भवन में कक्षाएं संचालित न की जाएं और तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए। स्कूलों और आंगनबाड़ियों में नियमित सफाई के साथ-साथ जिले के सभी छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, पर्याप्त रोशनी, इमरजेंसी लाइट और सीपेज की मरम्मत कराने को कहा गया। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षकों को 24 घंटे परिसर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

पोर्टल अपडेट और सेवा सेतु का प्रचार

बैठक में निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति और फोटोग्राफ ‘पारस पोर्टल’ एवं ‘निर्माण पोर्टल’ पर समय-सीमा के भीतर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन तक शासकीय योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए ‘सेवा सेतु’ ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button