शिवरीनारायण पुलिस का बड़ा एक्शन: जानलेवा हमले के 3 फरार आरोपियों को गांव में दबिश देकर पकड़ा

गवाही देने की रंजिश में सिर पर लोहे के चूड़े से वार करने वाले तीनों शातिर आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल।
जांजगीर चाम्पा। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के खरौद में पुराने विवाद और कोर्ट में गवाही देने की बात को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में शिवरीनारायण पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव में दबिश देकर आरोपियों को धर दबोचा और वारदात में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
लोहे के चूड़े से सिर पर किया था वार
घटना 2 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे की है। प्रार्थी शिवनाथ यादव जब पौनी पसारी के पास मौजूद था, तभी आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के भाई महेश्वर यादव पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। मुख्य आरोपी साहिल यादव ने हाथ में पहने भारी लोहे के चूड़े से महेश्वर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया था।
मुखबिर की सूचना पर गांव में दबिश
वारदात के बाद से ही तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सभी आरोपी चोरी-छिपे अपने गांव आए हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सुकुलपारा खरौद में दबिश दी और घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चूड़ा जब्त कर लिया गया।
तीनों आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
पुलिस ने मामले में सुकुलपारा खरौद निवासी साहिल यादव (23 वर्ष), समीर यादव (22 वर्ष) और स्वप्नील यादव (22 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।




