Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’: 10 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगी पहचान, 15 सितंबर तक करें आवेदन

होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, स्टार्टअप और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तक होंगे सम्मानित; प्रत्येक श्रेणी के विजेता को 11 हजार रुपये और मेमेंटो

जांजगीर-चांपा। 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने, पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं व व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने और राज्य के पर्यटन स्थलों के संवर्धन के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। इस योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले होटल, टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा। कुल 10 श्रेणियों में विजेताओं का चयन होगा और प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

पुरस्कार की 10 श्रेणियां तय

इस पुरस्कार योजना में पर्यटन की पूरी श्रृंखला को शामिल किया गया है:

img com 2026083117292748636317669650515862917
  1. सर्वश्रेष्ठ होटल
  2. सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
  3. सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
  4. सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
  5. CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
  6. CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
  7. सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
  8. सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
  9. सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
  10. सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड

सेवा, नवाचार, स्वच्छता और समुदाय की भागीदारी पर होगा चयन

होटल और टूर ऑपरेटर श्रेणी में उत्कृष्ट सेवाओं, MICE सुविधाओं, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन को परखा जाएगा। ‘सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड’ के तहत पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित उपाय और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने वाले जिलों को सम्मानित किया जाएगा। स्टार्टअप और उद्यमियों को नवाचार व नए व्यावसायिक मॉडलों के आधार पर आंका जाएगा। होमस्टे और इको-टूरिज्म साइट्स के मूल्यांकन में स्थानीय समुदायों की आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने वाले मानकों को प्रमुखता दी जाएगी। वहीं, डिजिटल माध्यम से राज्य की कला, संस्कृति व प्राकृतिक सौंदर्य को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में पुरस्कृत किया जाएगा।

15 सितंबर 2026 तक ईमेल से भेजें आवेदन

इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं पर्यटन हितधारक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन ई-मेल आईडी it@visitcg.in पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र और विस्तृत दिशा-निर्देश छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.tourism.cgstate.gov.in पर उपलब्ध हैं। निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर आवेदनों का परीक्षण कर अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

img com 202608311729275994978685252173130970

Related Articles

Back to top button