क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

10 हजार की घूस लेते किरारी स्कूल की प्राचार्य व लिपिक गिरफ्तार, एसीबी बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई

वेतन वृद्धि के 80 हजार एरियर भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत; 13 सदस्यीय टीम ने रंगे हाथ दबोचा, शिक्षा विभाग में हड़कंप

जांजगीर-चांपा। 03 सितंबर 2026। जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय स्कूल के प्राचार्य और लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में पदस्थ बाबू मनीष राठौर का वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपये का एरियर भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस राशि के बिल पास कराने के एवज में स्कूल की प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह ने उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल

रिश्वत मांगे जाने से परेशान पीड़ित बाबू ने इसकी लिखित शिकायत एसीबी बिलासपुर में दर्ज कराई। शिकायत का विधिवत सत्यापन करने के बाद एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पुख्ता ट्रैप तैयार किया। तय योजना के तहत जैसे ही प्रार्थी ने प्राचार्य और लिपिक को रिश्वत के 10 हजार रुपये थमाए, पहले से अलर्ट एसीबी की टीम ने दोनों को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया और घूस की रकम बरामद कर ली।

13 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई, 56वां सफल ट्रैप

कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एसीबी के 13 अधिकारियों की विशेष टीम स्कूल पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद टीम ने दोनों आरोपियों से लंबी पूछताछ की और भुगतान से जुड़े जरूरी शासकीय दस्तावेजों को जब्त कर जांच में शामिल किया। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर एसीबी की यह 56वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है।

शिक्षा महकमे में मची खलबली

स्कूल परिसर में दिनदहाड़े एसीबी के छापे और प्राचार्य सहित लिपिक की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button