Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़: कोसला में खूनी संघर्ष का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

बड़े भाई और भाभी पर लाठी से किया था जानलेवा हमला; इलाज के दौरान भाभी की हुई थी मौत, दोनों आरोपी पहुंचे जेल

पामगढ़ (जांजगीर-चांपा)। 05 सितंबर 2026।जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष और महिला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पामगढ़ पुलिस ने त्वरित और सक्रिय कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक अन्य आरोपी परमेश्वर साहू (25 वर्ष), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में मुख्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जमीन विवाद में लाठी से किया था प्राणघातक हमला

घटना 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला की है। पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर जनकराम साहू (50 वर्ष) का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू के सिर पर भी लाठी से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़े।

इलाज के दौरान महिला की हुई मौत, बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज

ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल पामगढ़ ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। बिलासपुर में उपचार के दौरान गंभीर चोटों के कारण ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई की दर्दनाक मौत हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पामगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 360/2026, धारा 109(1) और 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में आरोपी जनकराम साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वहीं मामले में शामिल सह-आरोपी परमेश्वर साहू की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस त्वरित कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सहायक उप निरीक्षक (ASI) प्रमोद महार और आरक्षक भुनेश्वर पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button