राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत, कलेक्टर के निर्देशन में हुआ वेबकास्टिंग व शपथ कार्यक्रम

09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक जिले में चलेंगी पोषण जागरूकता गतिविधियां, आंगनबाड़ी केंद्रों तक हुआ सीधा प्रसारण
🔴 जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में मंगलवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के शुभारंभ अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम का वेबकास्टिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जिले के सभी परियोजना कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी देखा गया।
एक महीने तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल के अनुसार, राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जागरूकता एवं पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य जनसमुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ, सुपोषित समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना बताया गया।
अधिकारियों-पर्यवेक्षकों को दिलाई गई पोषण शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने के लिए पोषण शपथ दिलाई गई। इस मौके पर परियोजना अधिकारी सहित समस्त पर्यवेक्षक व संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




