सेवा की कहानी: पक्के मकान ने दी सुरक्षा, हुनर के दम पर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं संगीता कश्यप

शासकीय योजनाओं से मिला संबल; संजीवनी महिला समूह से जुड़कर सिलाई-कढ़ाई को बनाया आजीविका, अब ‘लखपति दीदी’ बनने का संकल्प
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा की कहानी’ और ‘कहानी बदलाव की’ पहल के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव सामने आ रहे हैं। ग्राम पंचायत अमोरा की रहने वाली श्रीमती संगीता कश्यप की कहानी भी ऐसे ही बदलाव और आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण है। कभी अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाली संगीता आज सरकारी योजनाओं के सहयोग और अपने हुनर के दम पर परिवार की मजबूत आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं।
पक्के आशियाने से मिला स्थायित्व और सम्मान
संगीता कश्यप के जीवन में सबसे बड़ा मोड़ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का घर मिलने से आया। पहले कच्चे मकान में रहने के कारण परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पक्का मकान बनने से परिवार को न केवल सुरक्षित और सम्मानजनक छत मिली, बल्कि जीवन में स्थायित्व भी आया। इसके साथ ही उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, मनरेगा से 90 दिन का रोजगार और महतारी वंदन योजना व प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिली सीधी आर्थिक सहायता ने परिवार की गाड़ी को पटरी पर ला दिया।
संजीवनी समूह से जुड़कर हुनर को बनाया रोजगार
सुविधाओं के मिलने के बाद संगीता ने आत्मनिर्भर बनने की ठानी। वे गांव के ‘संजीवनी महिला समूह’ से जुड़ीं, जहां उन्हें अपनी सिलाई-कढ़ाई के हुनर को आजीविका में बदलने का मौका मिला। अब वे गांव में ही सिलाई मशीन के जरिए कपड़े सिलने और कढ़ाई का काम कर रही हैं। घर के पास काम मिलने से वे गृहस्थी की जिम्मेदारियां संभालते हुए नियमित आमदनी अर्जित कर रही हैं।
‘लखपति दीदी’ बनने का लिया संकल्प
अपने काम को धीरे-धीरे विस्तार देते हुए संगीता अब शासन के ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़कर अपनी आय को एक लाख रुपये से अधिक करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि यह केवल आमदनी बढ़ाना नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार के भविष्य को सुरक्षित करना है। योजनाओं से मिले संबल और बदलाव के लिए संगीता कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।




