Healthजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: 28 सितंबर को कलेक्ट्रेट घेराव

मदनलाल पेट्रोल पंप से निकलेगा पैदल मार्च; कलेक्टर मोड़ पर पुतला दहन के बाद राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों को मनमाना और असंवैधानिक बताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा 28 सितंबर (सोमवार) को कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने साथी चुनाव आयुक्तों को अंधेरे में रखकर मतदाता सूचियों में भारी फेरबदल किया, जिससे लाखों नागरिकों के मताधिकार का हनन हुआ है।

नीतिगत निर्णयों में मनमानी और वोट चोरी का आरोप

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि पिछले 10 महीनों के दौरान दो चुनाव आयुक्तों—सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के निर्णयों पर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इसके बावजूद दोनों आयुक्तों को दरकिनार करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया चलाई गई। इसमें अनधिकृत रूप से नए मतदाताओं को जोड़ने, नाम हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव करने और निर्वाचन आयोग की इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली को दिल्ली कार्यालय में केंद्रीकृत करने जैसे कदम उठाए गए। कांग्रेस का सीधा आरोप है कि मतदाता सूची में मनमानी कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में चुनावी लाभ पहुंचाने का काम किया गया।

मदनलाल पेट्रोल पंप से शुरू होगा पैदल मार्च

इस विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा साझा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 28 सितंबर को दोपहर 1:00 बजे जांजगीर-चांपा मार्ग स्थित मदनलाल पेट्रोल पंप के पास बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्र होंगे। वहां से सभी नेता व कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ेंगे।

कलेक्टर मोड़ पर पुतला दहन और ज्ञापन

मार्च के बाद कलेक्टर मोड़ पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया जाएगा। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया जाएगा और महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने और उनके विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की जाएगी।

तीनों विधायक और दिग्गज नेता होंगे शामिल

इस बड़े प्रदर्शन में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल मुख्य रूप से नेतृत्व करेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी व जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, जिला व जनपद पंचायत सदस्य, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, इंटक और अन्य मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता व आम जनता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button