bjppm modiछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में मशाल के साथ निकली ‘सेवा ज्योति’: पुलिस ग्राउंड में पीएम मोदी ने किया वर्चुअल संवाद, 2047 तक विकसित भारत का लिया गया संकल्प

खोखरा पुलिस ग्राउंड में सजी 76×76 फीट की भव्य रंगोली, बाइक रैली और कलश यात्रा में उमड़ा युवाओं का सैलाब; कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय जांजगीर के खोखरा स्थित पुलिस ग्राउंड में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित किया। इस दौरान उपस्थित कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने एक स्वर में वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। मैदान में बनाई गई 76 बाय 76 फीट की विशाल रंगोली आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

मेक इन इंडिया से सशक्त हो रहा देश, जनभागीदारी ही विकास की धुरी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामूहिक संकल्प का परिणाम होगा। उन्होंने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को प्रगति की आधारशिला बताते हुए कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से आज देश में स्थानीय उत्पादन, उद्योग, नवाचार और रोजगार को ऐतिहासिक गति मिली है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं की क्षमता का सदुपयोग करना और आर्थिक नींव को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

सेवा का भाव ही संगठन की शक्ति: खुशवंत साहेब

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता जमीन पर उतरे। उन्होंने रेखांकित किया कि सेवा का भाव ही भाजपा संगठन की असली पहचान है और इसी संकल्प के साथ शासन की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

हाथ उठाकर लिया संकल्प, मशाल जलाकर निकली बाइक रैली

सभा के दौरान उपस्थित जनसमूह ने हाथ उठाकर वर्ष 2047 तक देश को सशक्त, समृद्ध और अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। इसके पश्चात वरिष्ठ नेताओं द्वारा मशाल प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में कार्यकर्ताओं ने भव्य बाइक रैली, पदयात्रा और सेवा ज्योति कलश के साथ पूरे नगर का भ्रमण किया। जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया, जिससे समूचे शहर में उत्साह का माहौल बन गया।

वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी मौजूदगी

आयोजन में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, भूपेंद्र सवन्नी, विद्या सिदार, रामदेव कुमावत, अम्बेश जांगड़े, अमर सुलतानिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मीरी, गुलाब सिंह, संतोष लहरे, नंद चौधरी, नंदिनी राजवाड़े, चुन्नीलाल साहू, धनंजय सिंह, पंकज अग्रवाल, लक्ष्मी देवांगन, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, विकास शर्मा, राकेश रूपवानी, राम खूबवानी, रवि पाण्डेय, अमन प्रताप, जितेंद्र देवांगन, अनिल शर्मा, पुष्पेंद्र निर्मलकर, राजकुमार साहू, राजेश्वर पाटले, गुरुदयाल पाटले, नरेंद्र कौशिक, प्रियंका सिंह, रेखा गढ़वाल, मीरा पटकी, पूजा राठौर, संतोषी सिंह, डॉ. धनेश्वरी जागृति, मोहन यादव, हितेश यादव, लोकेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button