Chhattisgarhक्राइमरायगढ़

रायगढ़ में वॉक पर निकले कॉलेज प्रोफेसर का चाकू की नोक पर अपहरण: आंखों में बांधी पट्टी, UPI से ट्रांसफर कराए ₹1 लाख; 24 घंटे में रेस्क्यू, एक आरोपी गिरफ्तार

पुसौर थाना क्षेत्र के जकेला की सनसनीखेज वारदात; भूपदेवपुर के पंडरीपानी में बंधक बनाकर रखे गए थे प्राध्यापक, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रांसफर कराई गई रकम को कराया सुरक्षित

🔴 आज की बात News | रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर के अपहरण और डिजिटल लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शाम को वॉक पर निकले प्रोफेसर को अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर बंधक बनाया और जबरन उनके यूपीआई खातों से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुसौर पुलिस ने रातों-रात सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर प्रोफेसर को सकुशल बरामद करते हुए एक मुख्य आरोपी को धर दबोचा और लूटी गई राशि को भी सुरक्षित करा लिया है।

शाम की सैर के दौरान वारदात, डबरी किनारे से किया अगवा

पीड़ित प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता (उम्र 49 वर्ष), निवासी जकेला, 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वे सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठ गए। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति अचानक वहां पहुंचे और उन्हें जबरन पकड़कर डबरी की ओर खींच ले गए।आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर कपड़ा बांध दिया और पेट, गर्दन व सीने पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी की ओर ले गए।

मारपीट कर हासिल किए पासवर्ड, महिला के QR कोड पर ट्रांसफर कराए ₹1 लाख

पंडरीपानी ले जाकर आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल का स्क्रीन लॉक, Google Pay तथा BHIM App के पासवर्ड उगलवा लिए। इसके बाद शातिर आरोपियों ने फोन के माध्यम से एक अन्य महिला से संपर्क कर उसका क्यूआर कोड मंगाया। आरोपियों ने प्रोफेसर के बैंक खाते की निर्धारित दैनिक सीमा समाप्त होने तक लगातार ट्रांजैक्शन कर लगभग ₹1 लाख रुपये उस खाते में ट्रांसफर कर दिए। वारदात के दौरान परिजनों को शक न हो, इसलिए आरोपियों ने चाकू की नोक पर प्रोफेसर से उनके घर फोन करवाया और सबकुछ ठीक होने की झूठी बात कहलवाई। इसके बाद उन्हें पंडरीपानी के एक कमरे में बंधक बनाकर छोड़ दिया।

पुलिस ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

फोन कॉल के लहजे और परिस्थितियों पर परिजनों को गहरा संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर मोबाइल लोकेशन का सुराग जुटाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के वहां पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग निकले। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित थाने लाया गया।

एसएसपी के मार्गदर्शन में पुसौर पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू की और 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और यूपीआई से रकम ट्रांसफर कराने की साजिश कबूल कर ली।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुसौर पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए उस महिला से संपर्क साधा जिसके खाते में यूपीआई के जरिए पैसे भेजे गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खाते से पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया है। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) के तहत गंभीर अपराध दर्ज किया गया है। शेष फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव सहित आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार और राहुल सिदार की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button