महिला कमांडो पर जानलेवा हमला करने वाला ‘बादशाह’ गिरफ्तार, शिवरीनारायण पुलिस ने 12 घंटे के भीतर भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा। गांव में अवैध शराब और गांजा बिक्री पर अंकुश लगाने वाली महिला कमांडो की सक्रियता से नाराज एक युवक ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शिवरीनारायण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी जयकुमार आदित्य उर्फ बादशाह को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे अष्टमूर्ति स्कूल के सामने वार्ड नं. 06 मांझापारा निवासी जयकुमार आदित्य (22 वर्ष) महिला कमांडो के सदस्यों को अश्लील गालियां दे रहा था। जब सदस्यों ने उसे रोका, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने चिल्लाते हुए कहा, “तुम लोग गांव में शराब-गांजा बंद कराते हो, तुम लोगों को जान से मारकर फेंक दूंगा।” इतना कहते ही आरोपी ने हत्या की नियत से बांस के डंडे से महिला कमांडो की सदस्यों पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रार्थिया राजकुमारी आदित्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने विशेष टीम तैयार कर आरोपी की घेराबंदी की।
हथियार और कपड़े बरामद
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जयकुमार उर्फ बादशाह को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस (BNS) के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सउनि आर.पी. बघेल, आरक्षक नितिन द्विवेदी, विकास शर्मा, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले एवं थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।




