Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

शिवरीनारायण मेला मैदान में चाकूबाजी: जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी  गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी पकड़ाए; धारदार हथियार बरामद

चप्पल के मोलभाव को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने मुख्य आरोपी को भेजा रिमांड पर

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण मेला मैदान में चप्पल-जूते की दुकान में मोलभाव को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद बढ़ने पर एक युवक पर चाकू और डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण पुलिस ने मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में शामिल 3 नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है।

मोलभाव को लेकर उपजा था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी करन यादव (निवासी ग्राम गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शिवरीनारायण मेला मैदान में लगी चप्पल-जूते की दुकान में काम करता है। 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे दुकान में भगतदास मानिकपुरी और एक नाबालिग के बीच मोलभाव को लेकर कहासुनी हो गई। इसके कुछ देर बाद वह नाबालिग अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और गाली-गलौज करने लगा।

चाकू और डंडे से किया जानलेवा हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपी दीप केंवट और उसके साथियों ने जान से मारने की नीयत से क्रेमरेज यादव पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसके सिर, सीने, पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे करन यादव के सिर पर भी डंडे से वार कर चोट पहुंचाई गई। इस हमले में क्रेमरेज यादव गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार और खून सने कपड़े जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी तोमेश वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई (18 वर्ष 2 माह, निवासी बाबाघाट शिवरीनारायण) सहित 3 नाबालिगों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 3 स्टील के चाकू, एक लकड़ी का डंडा और खून लगे कपड़े बरामद किए गए हैं।

पहले भी चाकूबाजी में शामिल रहा है आरोपी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दीप केंवट और एक नाबालिग पूर्व में भी माघी पूर्णिमा मेले के दौरान चाकूबाजी की वारदात में शामिल रहे हैं। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं नाबालिगों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button