सुशासन और पारदर्शिता से हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

शिक्षा, कृषि व सेवा में कोलता समाज की विशिष्ट पहचान; आवास और महतारी वंदन से संवर रहा प्रदेश का भविष्य
🔴 आज की बात News | रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर में आयोजित बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज के समग्र विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 लाख रुपये की लागत से बने सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण कराने की महत्वपूर्ण घोषणा की।
वादे धरातल पर हो रहे साकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए जो वादे किए गए थे, वे अब धरातल पर मूर्त रूप ले रहे हैं। सर्वमंगल भवन के बनने से सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण और करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पौने दो किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।

कोलता समाज मेहनतकश और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित: विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज अपनी प्रगतिशील सोच, मेहनत और अनुशासन के लिए जाना जाता है। कृषि, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में समाज के लोगों ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में यह समाज सदैव अग्रणी रहा है और अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित: मुख्यमंत्री साय

राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप शासन के संकल्पों को पूरी निष्ठा से पूरा किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री ग्रामीण आवासों का निर्माण हो रहा है, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
तकनीक और डिजिटल सेवाओं से प्रशासनिक कार्यप्रणाली सुगम
प्रशासनिक सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की लगभग 700 शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम जनता को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है।
डबल इंजन सरकार में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता: धर्मेंद्र प्रधान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बसना अंचल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों और मेहनतकश वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। वहीं महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भी सभा को संबोधित कर क्षेत्र के निरंतर विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की बात कही।





