Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ में खौफनाक डबल मर्डर का खुलासा: 10 लाख का कर्ज न चुकाना पड़े इसलिए शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

ट्रेडिंग में डूबे थे पैसे, चेक बाउंस होने पर रची साजिश; पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में किया मामले का खुलासा

🔴 जांजगीर-चांपा। पामगढ़ क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले अंधे दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में इस अंधे कत्ल का विधिवत खुलासा किया। एसपी ने बताया कि उधारी के 10 लाख रुपये वापस न करने पड़े, इसी नीयत से आरोपी ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर दोनों व्यक्तियों को पिला दिया था। गंभीर हालत में इलाज के दौरान बिलासपुर के अस्पतालों में दोनों की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी थी हालत

घटना 23 अक्टूबर की रात की है। ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े कुटराबोड़ हेलीपैड के पास स्थित चखना दुकान के पास गए थे। वहां से लौटने के बाद अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए जोहित खरे को अपोलो अस्पताल और रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। पीएम रिपोर्ट में जहर खुरानी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सघन जांच शुरू की।

उधारी के 10 लाख रुपये और चेक बाउंस बना हत्या की वजह

मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे (निवासी पनगांव) ने जोहित खरे से घरेलू खर्च के नाम पर करीब 4 महीने पहले 10 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में आरोपी द्वारा दिए गए 5.50 लाख और 6 लाख रुपये के चेक बैंक में बाउंस हो गए थे। जब जोहित खरे ने 23 अक्टूबर को फोन कर अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने शाम को मिलने की बात कहकर उन्हें कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुला लिया।

ट्रेडिंग में डूबे थे पैसे, रची खूनी साजिश: आरोपी राजा खरे

एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी राजा खरे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि शेयर ट्रेडिंग में उसे भारी नुकसान हुआ था और वह कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था। लगातार तकादे से परेशान होकर उसने जोहित खरे को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। उसने पहले एक युवक से शराब खरीदवाई और जैसे ही जोहित खरे व रामखिलावन जांगड़े स्कूटी से पहुंचे, उसने जेब से सुहागा निकालकर शराब में मिला दिया और उन्हें पीने को दे दिया। इसके बाद दोनों की हालत बिगड़ते देख आरोपी मौके से फरार हो गया था।

Related Articles

Back to top button