क्राइमजाँजगीर -चाँपा

कहीं जंगल में तो कहीं मोमबत्ती की रोशनी में सज रही थी महफिल: पुलिस की दबिश से बिगड़ा जुआरियों का खेल, 6 पहुंचे हवालात

‘बावन परी’ के चक्कर में दांव पर लगे थे हजारों रुपये; जांजगीर पुलिस की घेराबंदी में धरे गए जांजगीर और कोरबा के खिलाड़ी

🔴 जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुलमुला और बलौदा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस ने काटपत्ती नामक जुआ खेलते हुए कुल 6 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17,520 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और बोरियां जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

मुलमुला: मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था दांव, 3 गिरफ्तार

पहला मामला थाना मुलमुला क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुलमुला बरछा के पास खुले स्थान पर कुछ लोग मोमबत्ती जलाकर ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई और खुले मैदान का फायदा उठाकर कई जुआरी भाग निकले, लेकिन पुलिस ने 3 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में रामगोपाल धीवर (32), दुष्यंत कश्यप (44) और अमरकांत सिंह (55) शामिल हैं। इनके पास से 7,220 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, बोरी और एक मोमबत्ती बरामद की गई।

बलौदा: बुडगहन के जंगल में सज रहा था फड़, कोरबा और जांजगीर के जुआरी धरे गए

दूसरी कार्रवाई थाना बलौदा पुलिस और चौकी पंतोरा की संयुक्त टीम द्वारा की गई। बलौदा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बुडगहन के घने जंगल में जुआरियों की महफिल सजी है, जहां दूर-दराज से आए लोग दांव लगा रहे हैं। पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर 3 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में सत्यप्रकाश पटेल (32) निवासी उतरदा (कोरबा), आनंद कुमार राठौर (29) निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर और इंद्रमणी यादव (36) निवासी उतरदा (कोरबा) शामिल हैं। इनके फड़ और पास से कुल 10,300 रुपये नगद, ताश की पत्तियां व बोरा फट्टी जब्त की गई।

Related Articles

Back to top button