“बैलेट पेपर से चुनाव हुए, फिर भी खाता नहीं खोल सकी कांग्रेस”: MLC नतीजों पर सीएम विष्णु देव साय का तंज

चार राज्यों की 28 सीटों पर हार के बाद बोले मुख्यमंत्री जीत के लिए जनता का विश्वास जरूरी, मतदान प्रक्रिया पर दोष मढ़ने के बजाय आत्ममंथन करे कांग्रेस
🔴 रायपुर। चार प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के चुनाव नतीजों को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर सीधा सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाकर बार-बार मतपत्रों (बैलेट पेपर) से चुनाव कराने की दुहाई देने वाली कांग्रेस मतपत्रों से हुए चुनाव में भी पूरी तरह नकार दी गई है और उसका खाता तक नहीं खुल सका।
कर्नाटक में सरकार होने के बावजूद शून्य पर सिमटने पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि 28 सीटों पर हुए इस चुनाव में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने विशेष रूप से कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार होने के बावजूद पार्टी अपनी साख नहीं बचा पाई और शून्य पर सिमट गई। सीएम साय ने सवाल दागते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद लगातार मतदान प्रक्रिया और चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करने वाली कांग्रेस अब अपनी इस ऐतिहासिक पराजय का ठीकरा किस पर फोड़ेगी?
‘झूठे आरोपों से नहीं, जनता के विश्वास से मिलती है जीत’
कांग्रेस को आत्ममंथन की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी को अपनी विफलताओं का दोष व्यवस्था पर मढ़ना बंद करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव चाहे ईवीएम (EVM) से कराए जाएं या बैलेट पेपर से, जीत केवल और केवल जनता के विश्वास और सेवा से मिलती है। झूठे आरोप गढ़ने और केवल राजनीतिक शोर-शराबा मचाने से कभी जनादेश हासिल नहीं किया जा सकता।



