Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

अवैध रेत कारोबारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: बम्हनीडीह के खपरीडीह क्षेत्र में दबिश देकर 1 जेसीबी लोडर, 1 हाइवा और 2 ट्रैक्टर किए गए जब्त

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व अमले ने की सख्त कार्यवाही, खनिज अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों में होगी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई।

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर आज 22 नवंबर 2026 को बम्हनीडीह तहसील अंतर्गत खपरीडीह क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान राजस्व अमले ने मौके से 1 जेसीबी लोडर, 1 हाइवा और 2 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बम्हनीडीह तहसीलदार प्रशांत पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस अचानक हुई दबिश से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

खनिज अधिनियम की धाराओं में होगी कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, जब्त किए गए सभी वाहनों के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अवैध उत्खनन पर प्रशासन की लगातार निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button