श्री दूधाधारी मठ महोत्सव: स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा- काल के भय से बचना है तो भगवान की शरण में आ जाएं


दूसरे दिन की कथा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद और छेरछेरा पर्व से जुड़े संस्मरण किए साझा।
रायपुर। राजधानी स्थित श्री दूधाधारी मठ महोत्सव के द्वितीय दिवस की कथा का रसपान कराते हुए अवधपुरी धाम (उत्तर प्रदेश) से पधारे अनंत श्री विभूषित श्री स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को जीवन और भक्ति का गूढ़ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्संग जीवन में प्रभु कृपा से ही प्राप्त होता है और जहां देवताओं की पूजा, सत्संग और दान होता है, वही वास्तविक महायज्ञ है।
कथा के द्वितीय सत्र में रविवार 22 नवंबर को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ की विधिवत पूजा-अर्चना कर संतजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया, जहां राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
मृत्यु से डरने वाले पापी, ऋषि-मुनि करते हैं प्रतीक्षा
प्रवचन के दौरान स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि काल रूपी सर्प प्रत्येक क्षण हमें ग्रसित कर रहा है और इससे कोई नहीं बच सकता। यदि काल के भय से बचना है तो भगवान की शरण में आ जाना चाहिए, क्योंकि काल भी भगवान का दास बनकर सेवा करता है। उन्होंने कहा कि मृत्यु से डरने वाले पापी होते हैं, जबकि ऋषि, मुनि और महात्मा इसकी प्रतीक्षा करते हैं। संतों के जीवन में जब सुख आता है तो वे उसे प्रभु कृपा समझते हैं और दुःख आने पर उसे अपने कर्म का फल मान लेते हैं।
पूर्व सीएम ने याद किया छेरछेरा का दान और शिवरीनारायण दर्शन
इस अवसर पर राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने श्री दूधाधारी मठ से भूपेश बघेल के आत्मिक लगाव को याद किया। श्रोताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री रहते हुए प्रत्येक छेरछेरा त्योहार पर मठ आते थे, जहां महाराज जी उन्हें वजन के बराबर अन्न दान देने के साथ ही सवा लाख रुपये छेरछेरा के रूप में प्रदान करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे हर तीन महीने में भगवान शिवरीनारायण के दर्शन और क्षेत्रवासियों से भेंट-मुलाकात के लिए अवश्य पहुंचते थे। कार्यक्रम में आर पी सिंह, सुशील ओझा, सन्नी अग्रवाल, पार्षद श्रीमती जयश्री, सत्यनारायण नायक, विजय पाली, रामकृष्ण पाली, राजेश अग्रवाल, निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।




